हरीश कुमार गुप्ता
बलरामपुर। दीपावली पर्व के अवसर पर मिलावटी खाद्य पदार्थों के विक्रय और भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने उतरौला में एक प्रतिष्ठान से लगभग 300 किलो दूषित मिठाई जब्त कर जेसीबी से गड्ढा खोदकर नष्ट कराई।
जानकारी के अनुसार, आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ और जिलाधिकारी बलरामपुर के निर्देश पर उपजिलाधिकारी उतरौला के निर्देशन तथा तहसीलदार उतरौला के नेतृत्व में गठित टीम ने 14 अक्टूबर को मेसर्स भारत स्वीट हाउस, गोण्डा रोड उतरौला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भंडारित लगभग 300 किलो दूषित मिठाई को नष्ट किया गया। साथ ही दूध और सोनपापड़ी के एक-एक नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
इसके अलावा मेसर्स सात्विक फूड इंडस्ट्रीज, उतरौला से गुलगुला मिठाई का एक नमूना संग्रहित कर जांच हेतु भेजा गया है। दोनों प्रतिष्ठानों में पाई गई अन्य कमियों को देखते हुए सुधार नोटिस जारी किया गया है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि दीपावली के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

