हरीश कुमार गुप्ता
बलरामपुर।उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा एवं सहायक वन संरक्षक परीक्षा को जनपद बलरामपुर में सकुशल, सुचितापूर्ण और नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न कराये जाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा कड़े इंतज़ाम किए गए। परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी पवन अग्रवाल और अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विशाल पाण्डेय ने एम.एल.के. पी.जी. कॉलेज, एम.पी.पी. इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष और मॉनिटरिंग सिस्टम का जायजा लिया तथा सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएम ने परीक्षा केन्द्रों पर ड्यूटी में तैनात अधिकारी और कर्मचारियों को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। परीक्षा के दौरान किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। सभी परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी की गई। डीएम पवन अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में लोक सेवा आयोग की पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा तथा सहायक वन संरक्षक परीक्षा जनपद बलरामपुर में शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न हुई। जनपद के चार परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित परीक्षा में प्रथम पाली में कुल 1824 परीक्षार्थियों में से 834 उपस्थित और 990 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पाली में 1824 परीक्षार्थियों में से 833 उपस्थित और 991 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रशासन और पुलिस की मुस्तैदी से परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराई गई।

