मुश्ताक अहमद
गोण्डा।शनिवार को शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शाहिद अली कुरेशी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल कोतवाली नगर पहुंचा और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता पिंटू महादेव के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने प्रभारी निरीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि भाजपा प्रवक्ता ने न्यूज़ 18 मलयालम चैनल की एक डिबेट में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी की है।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार पिंटू महादेव ने राहुल गांधी के पिता और दादी के संदर्भ में बेहद अमर्यादित बयान दिया और कहा कि “राहुल गांधी का भी वही हश्र होना चाहिए।” यह वक्तव्य न केवल अभद्र है बल्कि राहुल गांधी की जान को सीधा खतरा बताता है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि भाजपा प्रवक्ता के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही भारत सरकार से राहुल गांधी की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की अपील की।
ज्ञापन देने वालों में शहर कांग्रेस अध्यक्ष शाहिद अली कुरेशी के साथ शिव कुमार दुबे, सुभाष चंद्र पांडे, हनुमान प्रसाद, सैय्यद अब्दुल मुजीब, वसीम सिद्दीकी, विनय प्रकाश त्रिपाठी, महमूद अहमद, शाहिद अंजुम, जरनील हयात, हरिराम वर्मा, रिजवान टेलर, भगवती प्रसाद सोनी, मो. तैयब, जकी अहमद, संतोष तिवारी, अब्दुल वहाब, इरफान, जाकिर, शहजादे मेवाती, घनश्याम बाबा, सैफ सिद्दीकी, राधाकुंड, बंसी लाल, अनुपम धर द्विवेदी, दीप कुमार मिश्रा, राम राज सिंह, प्रदुम्न शुक्ला, राम जनक वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

