हरीश कुमार गुप्ता
बलरामपुर।नेपाल में हाल ही की घटना को देखते हुए इंडो-नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार ने जानकारी दी कि सीमा सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए दो कंपनी पीएसी और करीब दो सौ अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं। इस तरह कुल चार सौ से अधिक जवान एसएसबी टीम के साथ मिलकर बॉर्डर की निगरानी कर रहे हैं।

एसपी ने बताया कि नेपाल के जेलों से फरार कैदियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।किसी भी प्रकार के अवांछित तत्वों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। अब तक बलरामपुर जनपद में किसी भी प्रकार की घटना सामने नहीं आई है। इंडो-नेपाल बॉर्डर पर पुलिस टीम और पीएसी की संयुक्त गश्त लगातार जारी है।
सभी चेक पोस्टों पर आने-जाने वाले व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। साथ ही सीमावर्ती थानों,एसएसबी और नेपाल पुलिस के बीच समन्वय स्थापित कर संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की पहल की जा रही है। ग्राम सुरक्षा समितियों और सीमावर्ती गांवों के संभ्रांत व्यक्तियों को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है। उन्हें मादक पदार्थों की तस्करी, मानव व गौ तस्करी,अवैध कटान जैसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए जागरूक किया जा रहा है। एसपी विकास कुमार ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सीमा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं।

