हरीश कुमार गुप्ता
बलरामपुर।जिले में फर्जी दस्तावेज़ के आधार पर अध्यापक भर्ती घोटाले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज कुमार निवासी सौहल्ला प्रतापपुरा थाना सदर,जनपद आगरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे रेलवे स्टेशन बलरामपुर के सामने मुख्य मार्ग से दबोचा।
क्या था मामला?
31 मार्च 2021 को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बलरामपुर डॉ. रामचन्द्र ने थाना कोतवाली नगर में 92 शिक्षकों के खिलाफ तहरीर दी थी। आरोप था कि उन्होंने फर्जी दस्तावेज़ लगाकर शिक्षक भर्ती में नौकरी हासिल की।इस आधार पर थाना कोतवाली नगर में मुकदमा संख्या 85/21 धारा 419,420,467,468,471 भादवि पंजीकृत किया गया।
अब तक की कार्रवाई
इस मुकदमे में पुलिस अब तक 27 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। नीरज कुमार की गिरफ्तारी के साथ ही यह संख्या 28 हो गई है।
एसपी के निर्देश पर बनी टीम
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार ने इस मामले में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित की थी। उनके निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी नगर ज्योतिश्री के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सुधीर कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने दबिश देकर नीरज को गिरफ्तार किया।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया,जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

