हरीश कुमार गुप्ता
बलरामपुर।जिले में मोबाइल खोने वालों के लिए राहत भरी खबर है। पुलिस की सर्विलांस टीम ने 159 गुमशुदा स्मार्टफोन बरामद कर उनके स्वामियों को सौंप दिए। इन मोबाइल की अनुमानित कीमत 30 से 35 लाख रुपये आंकी गई है।
कैसे चला अभियान?
जनपद के विभिन्न थानों में मोबाइल गायब होने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार ने इन गुमशुदा मोबाइल की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी अपराध डॉ. जितेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में सर्विलांस टीम ने तकनीकी सहायता से 159 स्मार्टफोन बरामद कर लिए।
मोबाइल मालिकों को सौंपे गए फोन
बरामद फोन आज 21 अगस्त को पुलिस अधीक्षक कार्यालय बलरामपुर में उनके स्वामियों को सौंपे गए। मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। उपस्थित नागरिकों ने बलरामपुर पुलिस, विशेषकर सर्विलांस टीम की सराहना की और कहा कि यह पुलिस की सतर्कता और तकनीकी दक्षता का उदाहरण है।

मोबाइल वापसी अभियान से न केवल लोगों को राहत मिली बल्कि पुलिस पर जनता का विश्वास भी और मजबूत हुआ। एसपी विकास कुमार ने भरोसा दिलाया कि गुमशुदा मोबाइल की बरामदगी की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। साथ ही मोबाइल बरामदगी में अहम भूमिका निभाने वाली सर्विलांस टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।
बरामदगी
159 स्मार्टफोन
अनुमानित कीमत : 30 से 35 लाख रुपये

