उतरौला,बलरामपुर।उतरौला सब्जी मंडी के पास बुधवार को दोपहर में एक गाय नाले में गिरकर फंस गई। नगरपालिका की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद नाले का ढक्कन तोड़कर क्रेन की सहायता से गाय को सकुशल बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार सब्जी मंडी के पास बने नाले में एक गाय गिर गई थी। बाहर निकलने के प्रयास में गाय नाले के ऐसे स्थान पर पहुंच गई जहां नाला ढक्कन से बंद था। गाय बुरी तरह नाले में फंस चुकी थी। स्थानीय लोगों ने गाय को बाहर निकलने का काफी प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो पाए। लोगों ने इसकी सूचना नगर पालिका उतरौला को दी।
ईओ राजमणि वर्मा ने गाय के रेस्क्यू लिए तत्काल नगरपालिका की टीम को मौके पर भेजा। जेसीबी से नाले का ढक्कन तोड़ा गया। पहले गाय को रस्सी की सहायता से बाहर निकालने का प्रयास किया। लेकिन भारी भरकम शरीर के कारण गाय को बाहर निकालने में काफी दिक्कत हो रही थी। इसके बाद गाय को क्रेन की मदद से रस्सियों से बांधकर बाहर निकाला गया। इस प्रयास में नगर पालिका कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। गाय एकदम स्वस्थ है। गाय को निकालने में नगरपालिका की टीम के साथ स्थानीय लोगों ने भी योगदान दिया।

