उमरी बेगमगंज,गोंडा।स्थानीय ग्राम पंचायत में संचालित गैर मान्यता प्राप्त स्कूल मां बाराही ज्ञानस्थली इंटर कॉलेज के प्रबंधक को विद्यालय बंद करने की नोटिस देने के बाद भी विद्यालय का संचालन बंद न होने पर बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी बेलसर रामखेलावन सिंह ने पुलिस टीम के साथ विद्यालय का औचक निरीक्षण किया।इस पर उन्होंने बिना मान्यता के संचालित कक्षाओं को बंद करने और संचालन बंद न होने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी।ग्राम पंचायत उमरी बेगमगंज में नवनिर्माण अधीन विद्यालय मां बाराही ज्ञानस्थली विवादों के घेरे में है,यहां बिना मान्यता के ही इंटर कॉलेज का संचालन किया जा रहा है।

बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा बंद करने की नोटिस देने के बाद भी विद्यालय प्रबंधक द्वारा मनमानी तरीके से कक्षा 12 तक कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है।इसके खिलाफ उमरी निवासी चंदन सिंह ने जिलाधिकारी से शिकायत दर्ज कराई थी,मामले में खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा विद्यालय प्रबंधक को दो बार नोटिस जारी की गई,लेकिन संचालन बंद नहीं हुआ।अब खंड शिक्षा अधिकारी ने पुलिस टीम के साथ मौके पर जाकर विद्यालय बंद करने की और संचालन बंद ना होने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी।इस बाबत खंड शिक्षा अधिकारी बेलसर रामखेलावन सिंह ने बताया कि निर्माणाधीन बिल्डिंग में स्कूल का संचालन नहीं किया जा सकता है।और प्राथमिक लेवल की मान्यता अस्थाई के तौर पर दी गई थी विद्यालय बंद करने की चेतावनी दी गई है ऐसा न करने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

