नवाबगंज,गोंडा।संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित यूपीएससी की आरओ,एआरओ परीक्षा रविवार को सख्त सुरक्षा के बीच शान्तिपूर्ण सम्पन्न हो गयी। केन्द्र पर 285 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पालिका द्वारा संचालित कन्या इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए सुबह 08 बजे ही अभ्यर्थी कतार में लग गये। त्रिस्तरीय जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र के अंदर जाने दिया गया। परीक्षा को पारदर्शी और नकल विहीन बनाने के लिए परीक्षार्थियों का फेस प्रमाणीकरण भी कराया गया। इस दौरान पहली बार परीक्षा केंद्र की निगरानी एआई से कराई गयी। इस परीक्षा केंद्र पर 600 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी जिसमे 315 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। 285 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पंहुचे।
गोंडा से दिव्यांग आशुतोष आनंद, तरबगंज के दिव्यांग राजमणी सिंह और लखनऊ के दिव्यांग महेंद्र पांडे ने भी परीक्षा में भाग लिया। बहराइच से सरिता शुक्ला और शालवी, बस्ती के पवन कुमार ने कहा कि वह कई बार परीक्षा दे चुके हैं इस बार काफी आसान पेपर आया है सफलता की पूरी उम्मीद है। परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों ने प्रशासनिक व्यवस्था की भी सराहना की। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्रशासन द्वारा केंद्र के बाहर ही लाक रूम की व्यवस्था की गई थी। जहां परीक्षार्थी अपने बैग, मोबाइल, डिजिटल वाच आदि सुविधाजनक और सुरक्षित रख सके। परीक्षा सुबह 9:30 से शुरू हुई और 12:30 पर समाप्त हुई। परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्र के आस पास के साइबर कैफे, फोटो कापी और किताब की दुकाने बंद रहीं। परीक्षा के दौरान एसडीएम तरबगंज विश्वामित्र सिंह लगातार केंद्र पर बने रहे। वहीं थाना अध्यक्ष अभय सिंह, एसएसआई विश्वास चतुर्वेदी, कस्बा चौकी प्रभारी पंकज यादव, अपनी पूरी टीम के पूरी तरह मुस्तैद रहे।

