उमरी बेगमगंज,गोंडा।जनपद गोंडा के उमरी बेगमगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनौली मोहम्मदपुर से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। रविवार दोपहर को सरयू नदी (घाघरा) में नहाने गए युवक को मगरमच्छ ने हमला कर पानी में खींच लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के ही राजा बाबू यादव पुत्र कुंवर बहादुर अपने मवेशियों को नहलाते हुए नदी पार कर रहे थे। उसी दौरान स्पर नंबर पाँच के सामने पहले से नदी में मौजूद एक मगरमच्छ ने अचानक हमला बोल दिया और युवक को गहरे पानी में खींच ले गया। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस, उपजिलाधिकारी राजीव मोहन सक्सेना, नायब तहसीलदार जयशंकर सिंह राजस्व निरीक्षक अवधेश द्विवेदी लेखपाल रामेश्वर तिवारी,प्रधान सुरेंद्र सिंह और सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शव की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद ली जा रही है।
गांव में इस घटना के बाद से गहरा भय व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना बीते एक माह में दूसरी है, जिससे नदी किनारे रह रहे लोगों में भारी दहशत है। ग्रामीणों के अनुसार, इस इलाके में अक्सर मगरमच्छ देखे जाते हैं, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नदी किनारे बसे क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

