मुश्ताक अहमद
गोंडा।’काल’ के गाल बने जनपद के मोड़, चौराहा व तिराहा लोगों की असमय जिंदगी अपने काल के गाल में लील ले रही है। जिम्मेदार इससे निजात दिलाने के लिए गंभीर नहीं हैं। 42 दिनोंं के बीच 51 मार्ग दुुर्घटनाएं हुईं, जिनमें जिनमें 28 लोगों की असमय ही जिंदगी चली गई। कारण भले ही इनकी थोड़ी लापरवाही रही हो, लेकिन ये खतरनाक मोड़ पर बचाव न होना भी गंभीर सवाल है। यह हो भी कैसे, जब दो साल से नए ब्लैक स्पॉटों की पहचान ही नहीं हो पाई है।

इटियाथोक-खरगूपुर मार्ग पर बेंदुली के पास मोड़ पर मोटर साइकिल सवार नौशहरा के बिलाल व अहमद की मौत हो गई। और उनके उनके दो अन्य साथी घायल हो गए। यहां पिछले दस माह में 14 लोगों की जिंदगी समा चुकी हैं। इसके अलावा जनपद में 15 और खतरनाक मोड़ हैं। जहां हर तीसरे दिन जिंदगी को अपने आगोश में ले रही है। बावजूद इनकी पहचान तक नहीं हुई।
काल बना है ब्लैक स्पॉट
2020, 2021 व 2022 की मार्ग दुघर्टनाओं के आधार पर नवाबगंज में लोलपुर ओवरब्रिज, महेशपुर, कोल्डस्टोर, कटी तिराहा, कनकपुर, कटरा भोगचंद, भोपतपुर, सुगर मिल, लौवावीररपुर, कर्नलगंज में चौरीचौराहा, जहांगिरवा क्रॉसिंग व चकरौत, अयोध्या मार्ग पर पांडेयपुर तिराहा पेट्रोल पंप, दर्जीकुआं व अल्फा पेट्रोल पंप से इंडेन पेट्रोलपंप, खिरौरा मोहन, वजीरगंज बाजार, राजासगरा, डुमरियाडीह, बड़गांव ब्लैक स्पॉट बना था।
तीन दर्जन हादसों में 21 लोगों ने गंवाई अपनी जान
बीते वर्ष बेलसर, दुर्जनपुर बाजार, परसपुर चौराहा, तरबगंज,कर्नलगंज, दुर्जनपुरघाट, चकरौत, लौवावीरपुर, नवाबगंज व वजीरगंज में अधिक मार्ग दुर्घटनाओं के आधार पर ब्लैक स्पॉट बनाया जाना था, जो अब तक नहीं बन पाया। यहां टेबिलटाप, कैट आई, जेब्रा क्रॉसिंग व साइनबोर्ड लगना था, लेकिन नहीं लग पाए। जान लेवा मोड़ों की जानकारी न होने से जनवरी में 36 मार्ग दुर्घटनाओं में 21 लोगों की असमय ही जीवन लीला खत्म हो गई।
श्रद्धालु की मौत
17 फरवरी तक 15 मार्ग दुर्घटनाओं में सात की मौत हो गई। ये आंकड़े पुलिस की जीडी में दर्ज हैं। तमाम ऐसी दुर्घटनाएं भी हुई है जो पुलिस के संज्ञान में नहीं है। नहीं तो हादसे और मौतें और भी हैं। यात्री कर अधिकारी शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि कुछ नए ब्लैक स्पॉट बनने हैं, लेकिन उन्हें अभी लोक निर्माण विभाग से स्वीकृति नहीं मिल पाई है।
बचाव के लिए मिले एक करोड़ नौ लाख
जनपद के 62 चौराहों व तिराहों पर बचाव कार्य के लिए साढ़े पांच करोड़ रुपये मांगे गए थे, लेकिन ढाई करोड़ रुपये ही स्वीकृत हुए। 49 लाख से महाराजगंज-गोकरन शिवाला मार्ग पर 31,21 लाख से महाराजगंज-खरगूपुर मार्ग के दस व 22 लाख से भवनियापुर-गणेशपुर मार्ग में 13 जगहों पर बचाव कार्य किया जाना है।
बेलसर-उमरीबेगमगंज मार्ग पर तीन, कर्नलगंज-कुकुरभुकवा मार्ग में चार, पृथ्वीनाथ-झालीधाम मार्ग में दो, इटियाथोक-खरगूपुर मार्ग पर तीन व नरायनपुरकला-मेहरबानाबाद मार्ग में एक चौराहे पर बचाव कार्य पर डेढ़ करोड़ खर्च होंगे। लोक निर्माण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता विनोद त्रिपाठी ने बताया कि कार्य शुरू कराने को निविदा निकाली गई है।

