दुर्जनपुर,घाट गोंडा।तरबगंज थाना क्षेत्र के शीशव गांव के 20 ग्रामीण पिकअप से प्रयागराज स्नान के लिए गए थे। मौनी अमावस्या के दिन बुधवार रात्रि 2 बजे स्नान के बाद यात्रियों का यह जत्था बाहर निकलने लगा तभी भगदड़ हो गई। भगदड़ में शीशव गांव के रामनरेश पुत्र रामदयाल उम्र 35 की हालत बिगड़ी। किसी तरह पुलिस कर्मियों के सहयोग से अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। परिजन बगैर पोस्टमार्टम कराये ही शव को एम्बुलेंस से लेकर गोंडा चले आए। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जिला पंचायत सदस्य रामधोख मिश्रा,प्रधान प्रतिनिधि विशाल मिश्रा ने परिवार को सांत्वना देते हुए आर्थिक मदद की। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।शत्रुघ्न सिंह ठेकेदार,सुनील मिश्रा,संदीप तिवारी,विशाल मिश्रा,अरुण मिश्रा,प्रवीण मिश्रा,सुरेश,राजकुमार यादव आदि आदि ने शोक संतृप्त परिवार का हाल-चाल लेकर सांत्वना दी है।

महाकुंभ के दौरान मृतक रामनरेश के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। शीशव गांव के रामपाल मिश्रा बताते हैं 20 लोगों के दल के साथ वह भी कुंभ स्नान के लिए गए थे। पहले स्नान के बाद भीड़ में मृतक की बड़ी मां रजपता खो गई। जिन्हें 2 घंटे तक रामनरेश ढूंढता रहा। फिर भीड़ के दबाव के बीच यह लोग किसी तरह निकले तभी अचानक रामनरेश की हालत खराब हो गई। काफी देर तक लोग मदद के लिए चिल्लाते रहे। किसी तरह पुलिस कर्मियों ने रामनरेश को अस्पताल पहुंचाया तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। मृतक के साथ सुघरा देवी ने बताया कि एम्बुलेंस का पैसा जमा करने के बाद ही शव को प्रयागराज अस्पताल से लाया जा सका है।मृतक राम नरेश के परिवार में उसकी पत्नी श्रीमती बिटिया नंदिनी 15 नैंसी12 बबलू 9 वर्ष है।

