अयोध्या।क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान,डाभासेमर, मसौधा के सभागार में बाल विकास परियोजना शहर, मसौधा एवं पूराबाजार की 100 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र पोषण भी, पढ़ाई भी शुक्रवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की क्षमताओं में वृद्धि करना और उन्हें खेल आधारित शिक्षा व पोषण प्रबंधन के प्रति जागरूक बनाना था। कार्यक्रम का संचालन कोर्स डायरेक्टर एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी, मसौधा दिनेश कुमार तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी, शहर मीनाक्षी पाण्डेय ने किया। प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, मसौधा ने महिलाओं व बच्चों की स्वास्थ्य देखभाल, स्तनपान के महत्व, और प्रारम्भिक बाल्यावस्था देखभाल पर विचार साझा किए। यूनिसेफ के ब्लॉक समन्वयक ने टीकाकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, दिव्यांग बच्चों के चिन्हांकन और उनकी देखभाल के लिए उमेया फाउंडेशन ने जागरूकता सत्र आयोजित किया।
खंड शिक्षा अधिकारी (नगर क्षेत्र एवं मसौधा) ने नई शिक्षा नीति, ईसीसीई पॉलिसी, और आंगनबाड़ी केंद्रों को लर्निंग सेंटर के रूप में परिवर्तित करने के महत्व पर चर्चा की। जिला प्रोबेशन अधिकारी सुश्री पल्लवी त्रिवेदी ने बाल अधिकार, महिला और बाल सुरक्षा पर विस्तृत सत्र संचालित किया। मुख्य सेविका यमुना ने कंगारू मदर केयर की जानकारी प्रदान की। श्रीमती ममता ने 3 से 6 वर्ष के बच्चों की आयु-उपयुक्त शिक्षा के तरीकों पर चर्चा की। सुनीता सोनी ने ईसीसीई की आवश्यकता, टीएलएम के महत्व, और आधारशिला पुस्तकों पर विस्तार से जानकारी दी। बाल विकास परियोजना अधिकारी, शहर, मीनाक्षी पाण्डेय ने कुपोषण चक्र की रोकथाम, बाल विवाह पर रोक, परिवार नियोजन, और खाद्य विविधता सहित सरकारी योजनाओं के बारे में बताया। दिनेश कुमार ने बच्चों के विकास के मील के पत्थरों, स्मृति खेलों के महत्व और पोषण ट्रैकर के अद्यतन पहलुओं पर चर्चा की। प्रशिक्षण के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का प्रशिक्षण-पूर्व और प्रशिक्षण-उपरांत ऑनलाइन मूल्यांकन किया गया। साथ ही, ऑनलाइन पंजीकरण और उपस्थिति सुनिश्चित की गई। प्रशिक्षण सत्र के अंतिम दिन, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार त्रिपाठी की उपस्थिति में कार्यकत्रियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के योगदान और उनके क्षमतावर्धन की आवश्यकता पर जोर दिया।

