गोंडा।अपर जिला जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दानिश हसनैन ने बुधवार को वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। वहाँ मौजूद वृद्धजनों से उनके भोजन,स्वास्थ्य व रहने की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने वृद्धाश्रम की पाकशाला व भंडारगृह का निरीक्षण किया। पाकशाला व शौचालय में सफाई की व्यवस्था को और दुरुस्त करने के लिए प्रभारी को निर्देशित किया। एडीजे ने बुजुर्गों को ठंड से बचाव के लिए अलाव जलाने के लिए भी निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिला जज ने वृद्धजनों को उनके कानूनी अधिकारों की भी जानकारी दी। अधीक्षक को वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए चिकित्सा शिविर आयोजित करने के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान वृद्धाश्रम के कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए अपर जिला जज ने कहा कि वृद्धजनों की देखभाल में कोई भी लापरवाही नहीं होनी चाहिए। एडीजे ने जरूरतमंद बुजुर्गों को वॉकर वितरित किया। वृद्धाश्रम के केयरटेकर विशाल सिंह ने बताया कि वर्तमान में कुल 75 वृद्धजन वृद्धाश्रम में हैं व बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए बुजुर्गों को सर्दी से बचाने के लिए व्यवस्था करायी जा रही है। निरीक्षण के दौरान असिस्टेंट डिफेंस काउंसिल बृज लाल तिवारी व वृद्धाश्रम के सभी कर्मचारी मौजूद रहे।

