गोंडा।महिलाओं को झिझक छोड़कर खुलकर अपनी बात कहनी चाहिए। अपने अधिकार के प्रति सजगता ही सुरक्षा की तरफ पहला कदम है। यदि हम अपने विधिक अधिकारों के प्रति सजग हैं तो हमारा शोषण नहीं हो सकता। हमें अपने कानूनी अधिकार और कर्तव्य दोनों का बोध होना चाहिए। उक्त बातें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में अवध नर्सिंग कालेज में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के मुद्दे पर आयोजित विधिक साक्षरता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए अपर जिला जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दानिश हसनैन ने कही। उन्होंने कार्यक्रम में बच्चों छात्राओं का आह्वान करते हुए कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक का फर्ज निभाते हुए सभी लोग अपने आसपास के लोगों को उनके अधिकारों के बारे में बताएं।

कार्यक्रम में कालेज की नर्सिंग छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण विषय पर अपनी प्रस्तुति दी।कार्यक्रम को बाल संरक्षण अधिकारी चंद्रमोहन वर्मा,असिस्टेंट डिफेंस काउंसिल बृज लाल तिवारी,महिला थाने की उपनिरीक्षक प्रियंका सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया। कालेज के निदेशक डाॅ. एन. एन. तिवारी ने मुख्य अतिथि अपर जिला जज का स्वागत किया। प्राचार्य अनिल सिंह ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन टेली लाॅ के पैनल अधिवक्ता अविनाश चंद श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर डिप्टी डिफेंस काउंसिल अनिमेष चतुर्वेदी, प्रभात श्रीवास्तव, कालेज का समस्त स्टाफ, छात्राएं व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एंव कर्मचारी मौजूद रहे।

