गोण्डा।तहसील कर्नलगंज के एक गांव के कोटेदार ने राशन कार्ड के केवाईसी के नाम पर पचास रुपये की अवैध वसूली करने, कार्ड धारक को कम खाद्यान्न दिए जाने व चौहद्दी से हटकर खाद्यान्न का वितरण किये जाने के मामले को लेकर कोटेदार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
कर्नलगंज ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत प्रतापपुर के कोटेदार की शिकायत की गई थी। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिला पूर्ति अधिकारी ने पूर्ति निरीक्षक को मौके पर भेजकर जांच कराई, पूर्ति निरीक्षक गांव जाकर 40 कार्ड धारकों का बयान दर्ज किया। कार्डधारकों ने बताया कि केवाईसी के नाम पर कोटेदार वसूली कर रहे हैं।
प्रतापपुर गांव निवासी योगेश प्रताप ने जिले के उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी कि गांव के कोटेदार केवाईसी के नाम पर अवैध वसूली व एक किलो खाद्यान्न की कटौती कर रहे है।और दुकान की चौहद्दी से हटकर खाद्यान्न का वितरण कर रहे हैं।आरोप है कि क्षेत्र के पूर्ति निरीक्षक कोटेदार को बचा रहे है।प्रकरण की शिकायत कई बार की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई,जिससे कोटेदार मनमानी कर रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी ने मामले की गंभीरता देख मुख्यालय के पूर्ति निरीक्षक आनंद प्रकाश से जांच कराई। जांच में कोटेदार पर स्थानीय पूर्ति निरीक्षक की मेहरबानी सामने आई है। पूर्ति निरीक्षक ने जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी है।

