पंश्याम त्रिपाठी
गोण्डा।महात्मा गांधी राष्ट्र पिता व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पूरे जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।सभी सरकारी,अर्ध सरकारी कार्यालयों व शैक्षिक संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया।और राष्ट्र की स्वतंत्रता और अखंडता के लिए लोगों ने संकल्प लिया।डीएम नेहा शर्मा ने कलेक्ट्रेट में राष्ट्रध्वज फहराया और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया।

डीएम ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी नेे सत्य,अहिंसा और सत्याग्रह को हथियार बनाकर आजादी की लड़ाई में अपना योगदान दिया। उन्होंने गांव को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और मूलभूत सुविधाएं विकसित करने के लिए ग्राम स्वराज की अवधारणा से देश की आत्मनिर्भरता के लिए सार्थक प्रयास किए जिसकी आज भी प्रासंगिकता है। देश की आत्मनिर्भरता के लिए स्वदेशी का महत्वपूर्ण योगदान है।
उन्होंने श्री शास्त्री के सादा जीवन उच्च विचार व देश के लिए किए गए योगदान का वर्णन किया। डीएम ने कहा कि आज के दिन लिये गए संकल्प के अनुसार सभी लोग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कर देश के विकास में अपना योगदान दें।जिलाधिकारी ने दोनों महापुरुषों के जयंती पर सभी को शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी केवल भारत तक ही नहीं सीमित थे, बल्कि उनके आदर्श पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने भारत रत्न श्री शास्त्री की सादगी और उनकी देश सेवा का भी स्मरण किया।
कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में डीएम ने कहा कि सत्य का प्रयोग करते हुए आग्रह पूर्वक कार्य करें। गांधी जी ने कभी कथनी करनी में अंतर नहीं रखा। आज हमारी अस्मिता लुप्त होती जा रही है। व्यक्ति जो दिखता है, वह होता नहीं, और जो होता है, वह दिखता नहीं। अतः हम मौलिक बनें। हम दूसरों से उसी समान पेश आएं, जैसा हम अपने लिए चाहते हैं। हम माइक पर उदात्त आदर्श की बात करते हैं किंतु जब क्रियान्वयन का समय आता है, तब भूल जाते हैं। सामाजिक नियंत्रण का ताना बाना भी कमजोर हो गया है। इसलिए अब कानून की ज्यादा जरूरत पड़ती है। बापू की ग्राम स्वराज की संकल्पना आज हमारे जीवन में हर जगह दृष्टिगोचर होती है। आज की पंचायत प्रणाली गांधी जी की ही देन है।
श्री शास्त्री ने जय जवान,जय किसान का नारा देकर सीमा सुरक्षा के साथ ही खाद्यान्न के मामले में निर्भर बनाने का काम किया। आज उन्हीं की बदौलत हम लगातार आत्मनिर्भर होते चले गए।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देश भक्ति गीत प्रस्तुत किये।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश,सिटी मजिस्ट्रेट विजय शर्मा,अपर उपजिलाधिकारी सुशील कुमार,विश्वमित्र,मुख्य कोषागार अधिकारी,कलेक्ट्रेट के समस्त कर्मचारी व अधिकारीगण सहित अन्य अधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।जीजीआईसी की छात्राओं ने बापू के प्रिय भजनों की मनमोहक प्रस्तुति की । डीएम ने सभी छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
सड़क सुरक्षा पखवाड़ा
जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने “सड़क सुरक्षा पखवाड़ा” के मौके पर कलेक्ट्रेट परिसर से ऑटो रिक्शा वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के संबंध में विशेष अभियान चलाकर आमजन के लोगों को जागरूक करें।ताकि लोगों के अंदर सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के संबंध में एक भावना जागृत हो सके।
कलेक्ट्रेट में कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए, कि सड़क सुरक्षा पखवाड़ा अभियान के दौरान लोगों को “स्वयं सुरक्षित चलें एवं दूसरों को सुरक्षित चलने के लिए प्रेरित करें।और यातायात नियमों का पालन करने के लिए अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें।और सड़क सुरक्षा पखवाड़ा का कार्यक्रम 02 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक मनाया जाएगा।
कार्यक्रम में उमाशंकर यादव,संभागीय परिवहन अधिकारी देवीपाटन संभाग,शैलेन्द्र तिवारी यात्री कर अधिकरी,संजय कुमार संभागीय निरीक्षक,सौरभ,लवकुश,अजय सिंह,वजीर अहमद,पशुपतिनाथ,सभाजीत त्रिपाठी मौजूद रहे।

