कर्नलगंज,गोण्डा।स्थानीय कोतवाली के कटरा घाट स्थित सरयू नदी में शनिवार को नहाने गया युवक डूब गया। गोताखोर शव की तलाश कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक निर्भय नारायण सिंह ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच कर जानकारी हासिल की। शव तलाशने के लिए गोताखोरों को बुलवाया गया है।

प्राप्त समाचार के अनुसार उदयपाल(23) वर्ष पुत्र चंद्र पाल निवासी खोदहारी पुरवा,भदैंया थाना कटरा बाजार शनिवार को नहाने कटराघाट स्थित सरयू नदी गया था। नहाते समय अचानक वो डूब गया और नदी में लापता हो गया। सूचना मिलने पर कोतवाली कर्नलगंज के प्रभारी निरीक्षक निर्भय नारायण सिंह मौके पर पहुंचे और शव को तलाशने के लिए गोताखोरों को बुलवाया। खबर लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हो पाया। बला की इस भीषण गर्मी में युवक अपने दोस्तों के साथ सरयू नदी में नहाने गया था जो डूब गया। युवक के डुबते ही उसके दोस्त मौके से फरार हो गए। युवक का नदी में डूबने या मगरमच्छ का शिकार होने की भी आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मानें तो सरयू नदी मे कई बार मगरमच्छ देखे गए हैं। युवक के नदी में डूबने से हड़कंप मच गया है। वहीं युवक पर मगरमच्छ द्वारा हमले की भी आशंका व्यक्त की जा रही है।

