गोंडा।अपर जिला जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दानिश हसनैन ने जिला अस्पताल स्थित वन स्टाप सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वन स्टाप सेंटर में आने वाली पीड़ित महिलाओं व बच्चियों की समस्याओं के निवारण के लिए चल रही योजनाओं की समीक्षा की। वन स्टाप सेंटर पर सचिव ने प्रबंधक चेतना सिंह को प्रपत्रों को व्यवस्थित रूप से रखने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने हिदायत देते हुए कहा कि जिन महिलाओं व बच्चियों को विधिक सहायता की आवश्यकता है। उनके मामलों को चिन्हित कर अविलंब जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय को भेजा जाय।
इसके साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दानिश हसनैन द्वारा वृद्धाश्रम का भी निरीक्षण किया गया। वहाँ मौजूद 71 वृद्धजनों से खानपान की जानकारी ली। उन्होंने प्रबंधक राजेश श्रीवास्तव को गर्मी में बुजुर्गों के लिए हवादार कमरों एवं पंखों को समय-समय से दुरुस्त करने के लिए निर्देशि दिया। वृद्धाश्रम में पुरूष और महिला दोनों रहते हैं। सचिव ने प्रबंधक को हिदायत दी कि शुद्ध व स्वच्छ नाश्ता, भोजन, कपड़े इत्यादि की व्यवस्था हर हाल में हो, कोई भी वृद्धजन अपने अधिकारों से वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के लिपिक कन्हैयालाल तिवारी सहित वन स्टाप सेंटर व वृद्धाश्रम के कर्मी उपस्थित रहे।

