कटरा बाजार,गोण्डा।चार दिन पहले जले ट्रांसफार्मर के न बदले जाने से सैकड़ों लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। विद्युत विभाग से शिकायत के बाद भी ट्रांसफार्मर न बदले जाने से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। इस समय बहुत भीषण गर्मी पड़ रही है,ऐसे में बिजली न मिलने से आम आदमी की मुसीबत और बढ़ जाती है।
सरकार की ओर से बिजली समस्या के निस्तारण को लेकर व्यापक स्तर पर व्यवस्था की गई है। लेकिन यह सारी व्यवस्था हवा हवाई साबित हो रही है। विद्युत आपूर्ति न होने से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी हो रही है। विद्युत वितरण उपखंड कटरा बाजार के अन्तर्गत ग्रामसभा पूरे बदल मिश्रनपुरवा में लगा ट्रांसफार्मर जल गया है। गांव में बिना कनेक्शन के बिजली भी
जलाते हैं। आए दिन बिना कनेक्शन के लोगों की वजह से ओवरलोड से ट्रांसफार्मर जल जाता है। गांव के लोग परेशान होते हैं। चार दिनों से बिजली न आने से भीषण गर्मी से ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है। गांव के सुधांशु मिश्र ने ऑनलाइन शिकायत 1912 पर की है लेकिन समाचार मिलने तक कुछ समस्या का निराकरण नहीं हुआ था। जिससे गांव के लोगों गर्मी से काफी परेशान है। ग्रामीण चंद्रभान मिश्र, आशाराम, कामेश्वरी प्रसाद मिश्र, पंकज मिश्र,प्रदीप कुमार ने शीघ्र ट्रांसफार्मर बदलवाने व विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

