इक़बाल शाह
गोण्डा।दहेज के लिए रोजाना प्रताड़ित कर रहे ससुरालियों ने एक विवाहिता को मौत के घाट उतार दिया। बंद कमरे में फांसी पर झूल रहे शव को देख पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मामले की जानकारी मायके वालों को लगते ही घर में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के कपनी गांव में शुक्रवार की दोपहर उस समय सनसनी फैल गई। जब एक विवाहिता को ससुरालियों ने दहेज के लिए फांसी के फंदे पर लटका कर मार डाला।
परसपुर थाना क्षेत्र के भौरीगंज निवासी पिता भुलई उर्फ लाल मोहम्मद ने बताया कि उसकी बेटी शबीना बानो की शादी तीन साल पहले थाना उमरीबेगमगंज क्षेत्र के कपनी गांव के रहने वाले नज्जू के बेटे मोनू से हुई थी। बताया जाता है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसकी बेटी से दहेज की मांग करने लगे थे। पिता का कहना है कि पिछले तीन चार महीने से ससुराल वाले उसकी बेटी से पचास हजार रुपए व सोने की जंजीर मांग रहे थे। जिसके लिए उसके साथ रोजाना मारपीट करते थे। शुक्रवार की दोपहर ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट कर उसे कमरे में बंद कर फांसी के फंदे पर लटका दिया। जिसकी खबर गांव में फैलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना उसी के गांव के प्रधान ने मायके वालों को दिया। जिस पर लड़की के पिता ने थाने में तहरीर देकर पति मोनू, सास ननकई समेत चार लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना पर मौके पर पुलिस गई थी। मायके वालों की तहरीर पर पति समेत चार लोगों पर दहेज हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

