गोण्डा।शासन के निर्देशानुसार बीते वर्ष नगर पालिका परिषद कर्नलगंज के परिसीमन सीमा विस्तार में मनमानी करते हुए जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा गलत रिपोर्ट प्रस्तुत कर ग्राम पंचायत कादीपुर का अस्तित्व समाप्त कर दिए। मामले में ग्राम प्रधान कादीपुर के शिकायती पत्र पर जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बीते एक फरवरी को जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम पंचायत कादीपुर का पुनर्गठन परिसीमन कराकर डीएम को प्रस्ताव उपलब्ध कराने के संबंध में दिया गया निर्देश महज कागजों तक सीमित होकर ही रह गया। मामले में कई दिन बीतने के बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।

मामला तहसील व विकास खंड कर्नलगंज के ग्राम कादीपुर से जुड़ा है। जहां नगर पालिका परिषद कर्नलगंज का परिसीमन सीमा विस्तार एक वर्ष पूर्व हुआ था। जिसमें ग्राम पंचायत कादीपुर के मात्र दो मजरे बृजलाल पुरवा और लाला पुरवा है। जिनको नगर पालिका परिषद कर्नलगंज में शामिल किया गया था। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों,कर्मचारियों ने परिसीमन कार्यवाही में मनमानी करते हुए गलत रिपोर्ट प्रस्तुत कर ग्राम पंचायत कादीपुर का अस्तित्व समाप्त करवा दिया। जिससे ग्राम प्रधान जय प्रकाश सिंह ने नगर पालिका परिषद में शामिल जनसंख्या और मतदाता को लेकर स्थानीय अधिकारियों से लेकर उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र देकर अनेकों बार गुहार लगाई। मामले में प्रधान जयप्रकाश सिंह के शिकायत पर जिलाधिकारी ने बीते 29 जनवरी को मुख्य विकास अधिकारी को कार्रवाई किये जाने का निर्देश दिया था। जिसपर संज्ञान में लेकर मुख्य विकास अधिकारी एम. अरून्मौलि ने जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम पंचायत कादीपुर के अवशेष मजरों व गावों के ग्राम पंचायत का पुर्नगठन,परिसीमन कराते हुए वार्डों का निर्धारण कराया। प्रस्ताव उपलब्ध कराने व उक्त कार्यवाही से जिला निर्वाचन अधिकारी गोण्डा को अवगत कराने के संबंध में निर्देशित किया गया था। इसी के साथ ही प्रश्नगत प्रकरण में उप जिला मजिस्ट्रेटव सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी,करनैलगंज से समन्वय स्थापित करते हुए अग्रेतर कार्यवाही करने को कहा गया। जिसके अनुपालन में बीते 6 फ़रवरी को जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा उपजिलाधिकारी कर्नलगंज, खंड विकास अधिकारी व सहायक विकास अधिकारी पंचायत कर्नलगंज सहित अन्य अधिकारियों को अपने स्तर से आवश्यक कार्रवाई कराने के लिए कहा गया। लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। डीएम व सीडीओ का निर्देश महज कागजों तक सीमित होकर रह गया है। एसडीएम विशाल कुमार का कहना है कि कादीपुर के पुनर्गठन को लेकर पत्र प्राप्त हुआ है। उच्चाधिकारियों के दिशा निर्देशों का पालन किया जा रहा है।

