लखीमपुर खीरी। धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के हरदुआ पुल पर गुरुवार को दोपहर 12 बजे के आस पास एक सड़क हादसा हो गया। जिसमें एक महिला की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद धौरहरा-ढकेरवा हाइवे पर लंबा जाम लग गया।जानकारी के अनुसार जुवारी ग्रुप की गोबिंद शुगर चीनी मिल ऐरा के लालजी पुरवा गन्ना क्रय केंद्र से गन्ना लादकर जा रही एक ट्रक का अचानक टायर फट गया।टायर फटते ही ट्रक अनियंत्रित हो गया और उस पर लदा गन्ना सड़क पर गिर पड़ा।जिसकी चपेट में हाईवे पर निकल रहे राहगीर आ भी गए।

हादसे के समय काजीपुरवा निवासी सुनीता (35) पत्नी कमलेश अपनी बेटी शिवानी के साथ खेत से घर लौट रही थीं।अचानक गन्ना उनके ऊपर गिर गया।जिससे वह पूरी तरह दब गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं । सूचना मिलते ही धौरहरा एस ओ रविन्द्र सोनकर,कस्बा चौकी इंचार्ज वीरेंद्र सिंह और क्राइम इंस्पेक्टर गंगा प्रसाद यादव अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचते ही स्थानीय लोगों की मदद से गन्ने के नीचे दबे हुए राहगीरों को बड़ी मशक्कत करने के बाद बाहर निकालकर आनन फानन में एम्बुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौरहरा भिजवाया जहां शिवानी (12) पिता कमलेश, तथा घायल सलीम को प्राथमिक उपचार कर सकुशल घर वापस भेज दिया गया तो वहीं इस घटना में सुनीता 35 पत्नी कमलेश की हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां जिला अस्पताल में इलाज के दौरान सुनीता ने दम तोड़ दिया। सुनीता की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक पर ओवरलोड गन्ना लदा था।जिसके चलते यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई न होने से ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं।
हादसे के बाद पुल पर गन्ने की बिखरने के कारण धौरहरा-ढकेरवा हाइवे पर लंबा जाम लग गया, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे विधायक प्रतिनिधि गोपाल शंकर अवस्थी ने जेसीबी मशीन की मदद से गन्ना हटवाया तो वही एसडीएम शशिकांत मणि , नायब तहसील दार वीरेंद्र यादव ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया जिसके बाद यातायात को बड़ी मशक्कत के बाद सुचारू किया जा सका

