गुलाम जीलानी बेग
सादुल्लाहनगर,बलरामपुर।विकासखंड रेहरा बाजार के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी बलरामपुर को प्रार्थना पत्र देकर मनरेगा योजना के तहत ग्राम सभा की खलिहान भूमि पर लगाए गए पौधों को असामाजिक तत्वों द्वारा उखाड़े जाने की शिकायत की है। ग्रामीणों ने पौधों की सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम सभा की सुरक्षित भूमि पर मनरेगा से पौधरोपण कराया गया था,लेकिन गांव के कुछ दबंग और रसूखदार लोग राजनीतिक व प्रशासनिक दबाव बनाकर पौधों को नष्ट करना चाहते हैं।

ग्रामीण दीप नारायण वर्मा, प्रधान प्रतिनिधि सुरेश वर्मा, परशुराम वर्मा, राकेश वर्मा, आलोक कुमार, शेषराम वर्मा, गीता देवी, सन्नो वर्मा, कुसमा, निर्मला देवी आदि ने बताया कि दबंगों द्वारा बार-बार पौधे उखाड़े जा रहे हैं और ग्राम सभा की भूमि पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस मामले में उपजिलाधिकारी उतरौला ने बताया कि खलिहान भूमि पर लगे पौधों को लेकर दो पक्षों में विवाद का मामला संज्ञान में है। यदि इस विवाद में कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया गया, तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और जिम्मेदारों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

