हरीश कुमार गुप्ता
बलरामपुर।समाजवादी पार्टी ने रविवार को चुंगीनाका स्थित एक निजी सेलिब्रेशन लॉन में पीडीए चौहान समाज सम्मेलन आयोजित किया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल मुख्य अतिथि और प्रदेश सचिव महेंद्र चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में चौहान समाज के हजारों लोग पहुंचे,जहां अतिथियों का पारंपरिक तरीके से माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में पिछड़ा,दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों के साथ अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। पाल ने चौहान समाज से समाजवादी पार्टी को मजबूत समर्थन देने की अपील की।
प्रदेश सचिव महेंद्र चौहान ने भारतीय जनता पार्टी पर चौहान समाज को गुमराह करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा पिछड़ों, चौहान समाज और महिलाओं को सम्मान दिया है, जबकि भाजपा ने सिर्फ वादे किए हैं।
विष्णु चौहान ने भी भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि मौजूदा शासन में विकास ठप है और जनता परेशान है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में ऐतिहासिक राजनीतिक परिवर्तन देखने को मिलेगा और समाज के हर वर्ग का झुकाव अखिलेश यादव के पक्ष में होगा।
सम्मेलन में रवि चौहान, दिलीप चौहान, मिथलेश चौहान, राजू चौहान, राजेंद्र चौहान, मोहित चौहान, सुरेश चौहान, इंद्रावती चौहान, गुरुप्रसाद चौहान, के.टी. तिवारी, हनुमान चौहान, चंद्रपाल चौहान, यशवंत चौहान, विजय चौहान, रामसिंह चौहान और अरविंद चौहान सहित बड़ी संख्या में चौहान समाज के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

