गुलाम जीलानी बेग
सादुल्लाहनगर,बलरामपुर।बलरामपुर पुलिस ने मद्दौ भट्ठा सादुल्लानगर क्षेत्र में हुए एक ब्लाइंड मर्डर का 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आला क़त्ल चाकू और डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विकास कुमार के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी उतरौला राघवेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक सादुल्लाहनगर मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की।
वादी रामभरत वर्मा ने 6 अक्टूबर 2025 को पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनके बड़े भाई कर्ताराम वर्मा, जो एक निजी चिकित्सक थे, 5 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे इलाज के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। अगले दिन सुबह 7 बजे उनका शव मद्दौ भट्ठा जंगल में चोट के निशान के साथ मिला था। इस संबंध में थाना सादुल्लानगर में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान, पुलिस टीम ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी व मानवीय साक्ष्यों के आधार पर दो अभियुक्तों को अमघटी पुल के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान राजू उर्फ हुकुम अली (निवासी हसनगढ़, बस्ती, वर्तमान पता मद्दौ चौरा, सादुल्लानगर) और सूरज कुमार (निवासी मद्दौ चौरा, सादुल्लानगर) के रूप में हुई है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि मृतक कर्ताराम वर्मा गांव में जानवर का इलाज करने आए थे। उनकी मोटरसाइकिल पर बैठने को लेकर अभियुक्तों से कहासुनी हो गई थी। इसी बात से नाराज होकर दोनों ने योजना बनाई और रास्ते में कर्ताराम को रोककर चाकू और डंडे से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद वे शव को जंगल में फेंककर फरार हो गए थे।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।

