बलरामपुर।राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 का शुभारंभ आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तंबाकू त्याग की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. रस्तोगी ने कहा कि तंबाकू सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है,बल्कि समाज और परिवार पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे तंबाकू और उसके उत्पादों से दूर रहें तथा दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करें।
यह अभियान 09 अक्टूबर 2025 से 08 दिसंबर 2025 तक जिले में चलाया जाएगा,जिसके अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रम, पोस्टर प्रतियोगिता,रैलियां,निबंध लेखन,तथा विद्यालयों और महाविद्यालयों में संवाद सत्रों का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि बलरामपुर जनपद को “तंबाकू मुक्त” बनाने की दिशा में यह अभियान एक महत्वपूर्ण कदम है और सभी को इसमें सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।
कार्यक्रम में सीएमओ कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी तथा स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कार्मिक उपस्थित रहे।

