गुलाम जीलानी बेग
सादुल्लानगर,बलरामपुर।थाना क्षेत्र के लालपुर भलुहिया गांव में शुक्रवार की रात नकाबपोश बदमाशों ने आतंक फैलाते हुए बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने चंद्रप्रकाश गुप्ता के घर में धावा बोलकर परिवार को बंधक बना लिया और चाकू की नोक पर लाखों के जेवरात और करीब 80 हजार रुपये नकद लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने घर की 16 वर्षीय पुत्री पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसे बेहोश करने का प्रयास किया।
पीड़िता मंशा देवी ने बताया कि वारदात तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच हुई।उनकी पुत्री मनी गुप्ता जो पढ़ाई के लिए सुबह उठी थी,जैसे ही दरवाजा खोला,नकाबपोश बदमाश अंदर घुस आए। उन्होंने किशोरी पर चाकू से वार किया और कथित रूप से बेहोशी का स्प्रे सुंघाकर गिरा दिया। इसके बाद बदमाशों ने घर की अलमारी और संदूक तोड़कर नकदी,सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लूट लिया। घटना के बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना की भनक लगते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे,लेकिन तब तक आरोपी भाग निकले थे। गांव में हुई इस वारदात से लोगों में दहशत फैल गई है।
ग्रामीणों जितेंद्र सोनी,महबूब अली और निजाम अली ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि रात्रिकालीन गश्त नाम मात्र की रह गई है। कभी-कभार गश्त होने पर भी पुलिस आम ग्रामीणों को संदेह के घेरे में लेकर परेशान करती है,जबकि असली अपराधी खुलेआम वारदात को अंजाम दे रहे हैं। सूचना पर सादुल्लाह नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ उतरौला राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और शीघ्र ही आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। गांव में फैले भय को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

