मुश्ताक अहमद
गोण्डा।जिला पंचायत सभागार में पंचायती राज विभाग के राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स 2.0 विषय पर एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यशाला का शुभारंभ जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंचायतों का समग्र विकास तभी संभव है, जब योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी ढंग से हो और आंकड़ों का सही समय पर संकलन व फीडिंग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स 2.0 को एक मजबूत आकलन प्रणाली बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से पंचायतों की कार्यप्रणाली, विकास कार्यों की प्रगति एवं पारदर्शिता का मूल्यांकन होगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि यह इंडेक्स पंचायतों को प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे ग्राम पंचायतों को आवश्यक मार्गदर्शन दें, ताकि विकास योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, एनआरएलएम के डीसी जे एन राव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। विशेषज्ञों ने कार्यशाला में अधिकारियों को इंडेक्स 2.0 की तकनीकी प्रक्रिया, डाटा फीडिंग, मूल्यांकन मानकों और निगरानी व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी।
अंत में अधिकारियों से पंचायतों की कार्ययोजना को मिशन मोड में लागू करने का आह्वान किया गया, ताकि ग्राम स्तर पर विकास की गति और भी तेज हो सके।

