हरीश कुमार गुप्ता
बलरामपुर।बलरामपुर के टेंगनहिया गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 22 वर्षीय मजदूर संतोष कुमार ने फांसी लगाकर जान दे दी। संतोष की शादी चार साल पहले श्रावस्ती जिले के रखौन गांव की रहने वाली समरानी से हुई थी। एक साल पहले गौना हुआ था।

संतोष रक्षाबंधन के मौके पर ससुराल गया था। वहां पति-पत्नी के आने-जाने को लेकर विवाद हो गया। ससुराल वाले पत्नी को उसके साथ नहीं भेज रहे थे। देर रात माझिल भौजाई पूनम ने संतोष को फांसी पर लटका देखा। सुबह पुलिस को सूचना दी गई।
संतोष चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके माता-पिता का पहले ही देहांत हो चुका है। पत्नी इस समय अपने मायके में है। दोनों की कोई संतान नहीं है। शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था। गौना के बाद से पति-पत्नी के आने-जाने को लेकर विवाद बढ़ने लगा।
कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक गिरजेश कुमार तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया पत्नी से मिलने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

