उतरौला,बलरामपुर।उतरौला नगर क्षेत्र में स्थित हाटन रोड तिराहा से होकर सिंगारजोत घाट मार्ग से शाहजहानी शाह बाबा मजार होते हुए उतरौला, बक्सरिया डुमरियागंज मार्ग वर्तमान में आम जनता के लिए मुसीबत बन चुका है। यह मार्ग शाहजहानी शाह बाबा की मजार से होकर गुजरते हुए उतरौला,बक्सरिया डुमरियागंज हाईवे से जुड़ता है, जिससे हजारों की संख्या में श्रद्धालु और राहगीर प्रतिदिन इस मार्ग का उपयोग करते हैं। लेकिन हल्की बारिश में भी यह मार्ग कीचड़ और पानी से लबालब हो जाता है, जिससे पैदल चलना तो दूर, दोपहिया वाहन चलाना भी जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह रास्ता पिछले काफी दिनों से गड्ढों में तब्दील चुका है, जिससे गिरने और फिसलने की घटनाएं आम हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को होती है। यह मार्ग न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह हाईवे से सीधा जुड़ाव भी प्रदान करता है, जिससे इसका यातायातिक महत्व भी काफी है।
शाहजहानी शाह बाबा मजार मोहल्ले के पास रहने वाले लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में गंदगी और जलभराव की वजह से मच्छरों का जबरदस्त प्रकोप है। हालत इतनी खराब है कि लोग दिन के उजाले में भी घर के बाहर बैठने से कतरा रहे हैं। सरकार द्वारा संचालित संचारी रोग अभियान और स्वच्छता के तमाम दावों के बावजूद यह मोहल्ला उपेक्षा का शिकार बना हुआ है।
स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका और जिला प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग का जल्द से जल्द स्थायी समाधान निकाला जाए। सड़क की मरम्मत, जलनिकासी की व्यवस्था और नियमित सफाई न होने से न केवल जनजीवन प्रभावित हो रहा है, बल्कि यह क्षेत्र बीमारियों का गढ़ बनता जा रहा है।
जनता की मांग
सड़क की तत्काल मरम्मत व पुनर्निर्माण कराया जाए। जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो। नियमित सफाई व्यवस्था और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव हो। संचारी रोग अभियान के तहत विशेष ध्यान दिया जाए।
यदि प्रशासन जल्द कदम नहीं उठाता है,तो आने वाले दिनों में यहां जनाक्रोश उभरना तय है। यह स्थिति स्थानीय जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता और नगर प्रशासन की उदासीनता पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।

