बगहा।बिहार के पश्चिमी चंपारण जिला के बगहा अनुमंडल क्षेत्र में युरिया की किल्लत के बीच जनप्रतिनिधियों के डिमांड पर जिलाधिकारी बेतिया धर्मेंद्र कुमार ने पहल करते हुए जिले के सभी प्रखंडों में यूरिया की आपुर्ति सुनिश्चित करवाया। खाद दुकानदारों द्वारा सोमवार एवं मंगलवार से यूरिया वितरित भी किया जा रहा है। सभी विक्रेताओं के यहां किसानों की भीड़ उमड रही हैं। वहीं किसानों के द्वारा यूरिया के वितरण में अनियमितता व कालाबाजारी का आरोप भी गाहे-बगाहे लगाया जाता रहा है। जिसको लेकर बगहा एसडीएम गौरव कुमार के द्वारा क्षेत्र भ्रमण कर खाद दुकानदारों पर नजर रखी जा रही है और उनके गोदाम में स्थित युरिया का पाश मशीन से मिलान कराया जा रहा है।
इसी कड़ी में गुरुवार को एसडीएम ने बगहा दो प्रखंड अंतर्गत भडछी स्थित राय खाद भंडार का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान एसडीएम ने दुकान संचालक जयनारायण राय के द्वारा अनियमितता पाई गई। जांच के दौरान यूरिया ई पाश मशीन में यूरिया शून्य पाया गया जबकि भौतिक सत्यापन में गोदाम से लगभग 85 बोरा यूरिया पाया गया। एसडीएम ने अनियमितता देख तुरंत दुकान को सील कर दिया तथा दुकानदार के विरुद्ध कारवाई हेतु लौकरिया थाना को आवेदन दिए जाने की सुचना प्राप्त हो रही है।

