बगहा।बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बगहा नगर परिषद क्षेत्र में एनएच 727 बगहा व बेतिया मुख्य मार्ग के सर्विस रोड पर दुकानदारी नगर परिषद व स्थानीय प्रशासन के उदासीन रवैया के कारण लगातार जारी है। कारण कि परिषद में आधा दर्जन स्थल वेंडिंग जोन के लिए चिन्हित होने के बाद भी बगहा एक व दो के सीओ के द्वारा एनओसी नहीं दिया जा रहा है। इतनी ही छह साल से इस मामले को ठंडे बस्ते में भी डाल दिया गया है।
वहीं दूसरी ओर अब अतिक्रमणकारियों ने नया तरीका अपनाया है अब ठेला वाले लोग सर्विस रोड पर ही लगा कर मोटे तिरपाल व प्लास्टिक से ढकते हुए पूरी तरह से सुरक्षित बांध कर रख रहे है। इसके बाद दुकानदारी करने के बाद रात में इसे यहीं छोड जा रहें है। अब यह अस्थाई अतिक्रमण स्थाई की ओर बढ़ने लगा है। यह सिलसिला पूरे नगर में है। नगर परिषद प्रबंधन कार्रवाई के नाम पर गठित टीम के द्वारा कभी – कभी छापेमारी करते हुए जुर्माना लगाने का काम भी किया जा रहा है। वहीं मामले में कार्यपालक पदाधिकारी सरोज कुमार बैठा ने बताया कि मामले की जांच करते हुए ऐसे लोगों पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जायेगी।

