कपड़ों और सूटों की दुकानों पर घुसने की जगह नहीं मिल रही
मुश्ताक अहमद
गोंडा।ईद का त्योहार ज्यों-ज्यों नजदीक आ रहा है चौक, इमामबाड़ा और पीपल चौराहा की बाजारों में रौनक छा गई है। इन बाजारों में महिलाओं की भीड़ खरीददारी के लिए उमड़ रही है, खासकर कपड़ों और सूट की दुकानों पर घुसने की जगह नहीं मिल पा रही है। जनपद की इन मशहूर बाजारों में ईद की तैयारियों ने जोड़ पकड़ लिया है। जहां पारंपरिक और आधुनिक परिधानों की चमक देखते ही बनती है।

चौक,इमामबाड़ा,पीपल चौराहे पर महिलाएं चिकनकारी सूट और डिजाइनर सलवार की सूट की खरीदारी में जुटी हैं। दुकानदारों के अनुसार इस बार हैवी वर्क वाले सूट और लखनवी कुर्तियों की मांग सबसे ज्यादा है। इसके साथ ही जरदोजी और चिकनकारी से सजे सूट महिलाओं को खूब भा रहा है। यहां 500 से 2000 रुपए तक के सूट आसानी से मिल रहे हैं, जो बजट के हिसाब से हर वर्ग के लोगों को भा रहा है। तो वहीं ट्रेंडी अनारकली सूट और प्लाजो सूट की ओर भी महिलाएं खूब आकर्षित हो रहीं हैं। दुकानदारों का कहना है कि ईद के लिए हल्के रंगों जैसे पेस्टल, आफ-व्हाइट और गोल्डन शेड्स वाले सूटों की ज्यादा मांग है।इसके अलावा मैंचिंग दुपट्टे और जूतियों की खरीदारी भी जोरों पर है।बाजारों में मोलभाव की गूंज और नवाबी ठाठ के बीच महिलाएं अपनी पसंदीदा परिधानों को चुनने में मशगूल हैं,जिससे ईद की तैयारियां और भी खास हो रही है।
फ्राक सूट,गाउन सूट की खूब है डिमांड
कपड़ा व्यापारी जलील ने बताया कि ईद के लिए विशेष रूप से सूट बाजार में उपलब्ध है। ईद गर्मियों में पड़ रही है इसलिए अधिकांश महिलाएं काटन सूट की मांग कर रही हैं। 700 से 2000 रुपए तक की रेंज में पूरे साल पहने जाने वाले सूट हैं। जो 1500 से 2000 रुपए तक रेंज में उपलब्ध हैं। इसके अलावा गरारा, शरारा, अनारकली सूट, क्रेप सूट, कट दाना, कराची सूट आदि महिलाओं को खूब भा रहे हैं।
पुरुषों के लिए 100 ग्राम का कुर्ता
उत्तर प्रदेश कपड़ा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष अशोक मोतियानी ने दूरभाष पे बताया कि ईद पर 100 ग्राम के लाइट वेट कुर्ता-पायजामा इस बार लोगों को खूब भा रहा है। 50 से ज्यादा डिजाइन में उपलब्ध कुर्ता-पायजामा के खरीददारों को खूब पसंद आ रहे हैं। तीन मीटर कपड़े में कुर्ता तैयार हो जाता है। जिसकी कीमत 575 से शुरू हो कर 650 रुपए व 750 रुपए ही है। इसके अलावा लिनेन कपड़ों की डिमांड इस बार बहुत ज्यादा है। लिनेन लग्जरी कपड़ों में कुर्ता 2500 रुपए से शुरू होकर 5000 रुपए तक मिल रहा है। जबकि इस बार ईद में सफेद से ज्यादा कलर फूल कपड़ों की खरीदारी ज्यादा हो रही है।

