उतरौला,बलरामपुर।उतरौला-डुमरियागंज मुख्य मार्ग से छिपिया नई बस्ती जाने वाला मार्ग अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों की तादाद में स्कूली बच्चे और इलाकाई लोगो का आना-जाना रहता है। सड़क की दशा दयनीय होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
बुधवार को इस बदहाल सड़क पर एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। बच्चों से भरी एक ऑटो रिक्शा असंतुलित होकर पलट गया। इस हादसे में कई बच्चों को चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल बच्चों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि बच्चों को मामूली चोटें आई हैं। जिससे बड़ी घटना होने से बच गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह मार्ग लंबे समय से खराब है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दे रहा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी हुई सतह के कारण सड़क पर चलना खतरनाक है।
यह मार्ग स्थानीय स्कूलों और कोचिंग सेंटरों को जोड़ता है। इस सड़क पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को इस रास्ते से गुजरना पड़ता है।खराब सड़क के कारण न केवल उनकी सुरक्षा खतरे में है, बल्कि उन्हें समय पर स्कूल पहुंचने में भी दिक्कत होती है।
ग्रामीणों ने इस हादसे के बाद प्रशासन से तत्काल इस मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है। और कहा है
कि यदि जल्द ही सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करेंगे।

