गोंडा।जिला जज अनीता राज ने बुधवार को फैजाबाद रोड स्थित राजकीय सम्प्रेक्षण गृह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला जज ने सम्प्रेक्षण गृह में रह रहे किशोरों के मुकदमे की पैरवी, नि:शुल्क विधिक सहायता एवं सम्प्रेक्षण गृह में प्रदत्त सुविधाओं का जायजा लिया।
जिला जज ने किशोर न्याय समिति के निर्देशानुसार सम्प्रेक्षण गृह में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिला जज ने प्रभारी अधीक्षक को साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। जिला जज ने स्टोर रूम व किचन के निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता भी परखी। उन्होंने किशोरों से उनके मुकदमे के बाबत भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सम्प्रेक्षण गृह के अधीक्षक संतोष कुमार दूबे ने बताया गया कि वर्तमान में सम्प्रेक्षण गृह में 55 किशोर रह रहे हैं। निरीक्षण के दौरान अपर जिला जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दानिश हसनैन,मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नेहा रूंगटा,एसडीएम सदर अशोक गुप्ता,सीओ सदर आनंद राय सहित राजकीय सम्प्रेक्षण गृह के सभी अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

