लक्ष्मी-गणेश के साथ चांदी की तस्वीह भी
ईदी के लिए भी सोने-चांदी के नोटों की रौनक
मुश्ताक अहमद
गोंडा।इस बार ईद अमन और सौहार्द का पैगाम लेकर आ रही है। दीपावली की तर्ज पर सोने का बाजार भी यहां लक्ष्मी-गणेश के साथ-साथ चांदी की तस्वीह और इस्लाम धर्म से जुड़ी सोने-चांदी के सिक्के और नोटों से सजा हुआ है। यह पहली बार है जब सर्राफा बाजार धनतेरस और दीपावली जैसे पर्वों की तरह से ही सजा है।
नौजवान हों या बच्चे हर किसी को ईद के दिन मिलने वाली ईदी का बेसब्री से इंतजार रहता है, ज्यों-ज्यों ईद का त्योहार करीब आ रहा है, वहीं बाजारों में रौनक भी अपने शबाब पर है। जनपद के वजीरगंज बाजार में ईदी के स्पेशल गिफ्ट्स, सोना-चांदी के नोट व शो पीस से भरे हुए हैं। एक माह भूख-प्यास की शिद्दत के बावजूद रब की इबादत व रोजा रखने के बाद ढेर सारी खुशियों के साथ ईद का त्योहार आता है। रोजेदार बाजारों में बेहतर ईदी की तलाश में लगे हैं। किसी-किसी ने सोने-चांदी की ज्वेलरी का आर्डर दे रखा है, तो किसी को ईदी के लिए तमाम नए सामान बाज़ार में हैं।
बहुत लाजवाब है यह ईदी तो
ईदी देने के लिए सबसे ज्यादा मांग सोने-चांदी के नोट व सिक्कों की है। इन नोटों पर अपनों की तस्वीर छपवा सकते हैं। सोने के नोटों की कीमत दस हजार रुपए से शुरू है। नोटों पर अपनों की फोटो प्रिंट कराने के लिए पांच सौ रुपए अधिक देय होगा। इसी तरह चांदी के दस ग्राम सिक्के की कीमत पांच सौ व साठ ग्राम सिक्के की कीमत तीन हजार रुपए के करीब है।
सोने की तस्वीह का बड़ा आकर्षण
कुरान पाक की आयत को गोल्ड वाटर से लिखी प्लेटें, अल्लाह के नाम से सफेद मोतियों से जुड़ी सोने की खूबसूरत तस्वीह भी बाजार में है। ज्वैलरी दुकान के मालिक सुशील भारती ने बताया कि यह तस्वीह सेट की कीमत दस हजार रुपए है। सोने के अलावा चांदी की तस्वीह की भी बहुत मांग है। इसकी कीमत एक हजार से दो हजार रुपए के बीच है।
धार्मिक पैन्डेन्ट भी बाजार में
या अली, या अल्लाह, या मुहम्मद, या हुसैन लिखा पेंडेंट भी इस बार लोगों को खूब भा रहा है। जो खास ईदी के लिए बनाया गया है, जिसकी कीमत 500 से 800 रुपए के बीच है।

