ए आर उस्मानी
गोण्डा। मोतीगंज थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित पेड़ों की बगैर परमिट के कटान करने पर थानाध्यक्ष प्रतिभा सिंह द्वारा प्रतिबंध लगाने के बाद भी हल्का के दरोगा व सिपाहियों द्वारा वृक्षों को धराशाई कराया जा रहा है। बिना परमिट के सागौन के 160 वृक्षों को काटकर लकड़ियां गायब कर दिए जाने के मामले में मोतीगंज पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मोतीगंज थाना क्षेत्र के सूर्यबली बनकटी के मौजा मेघवा निवासी नईम पुत्र कयूम के निजी काश्तकारी भूमि खसरा संख्या 11, खाता संख्या 00256, रकबा 0.4250 हेक्टेयर में लगे सागौन के 160 हरे पेड़ों को दीपक सिंह व चंदन सिंह पुत्रगण राजकुमार सिंह निवासी ग्राम पूरे उजागर सिंह पुरवा, उज्जैनी कला, थाना धानेपुर के द्वारा बिना परमिट के अवैध रूप से कटाकर लकड़ियां मौके से गायब कर दी गयीं। इस बाबत पंडरी कृपाल रेंज के उज्जैनी बीट के वन रक्षक समीर रंजन चौधरी द्वारा मोतीगंज थाने पर तहरीर दी गई, जिसमें कहा गया कि बिना परमिट के 160 वृक्षों को काटकर लकड़ियां गायब कर दिया गया, जो उत्तर प्रदेश वृक्ष संरक्षण अधिनियम 1976 की धारा 4/10 का उल्लंघन है। मोतीगंज पुलिस ने वन रक्षक द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर काश्तकार नईम के साथ ही ठेकेदार दीपक सिंह व चंदन सिंह के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
इस संबंध में मोतीगंज थानाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र में कहीं भी बिना परमिट के प्रतिबंधित पेड़ों की कटान नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बिना परमिट के अवैध रूप से वृक्षों को धराशाई कर पर्यावरण को क्षति पहुंचाने वाले ठेकेदारों को चिन्हित किया जा रहा है। इनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

