मुश्ताक अहमद
गोंडा।नवाबगंज थाना क्षेत्र के कल्यानपुर गांव निवासी 28 वर्षीय युवक की सउदी अरब के अलहफूफ शहर में शुक्रवार को बुलडोजर में ब्लाक होने से मौत हो गई। शनिवार की रात्रि में घटना की सूचना परिजनों को मिलते ही कोहराम मच गया। परिजन शव को घर लाने के लिए परेशान हो गए।

कल्यानपुर के गंगा सिंह पुरवा निवासी राजेश कुमार पुत्र मस्तराम कुछ दिन पहले कमाने के लिए सउदी अरब के अलहफूफ शहर गया था। वहां पर वह साद मुबार्क एल डोसरी ईस्ट कंपनी में लोडर बुलडोजर आपरेटर के पद पर काम करता था। शुक्रवार को लोडर बुलडोजर के एसी में कुछ खराबी आने पर उसे ठीक करने लगा।इसी दौरान एसी में ब्लास्ट हो गया जिसकी चपेट में आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई दूसरे दिन कंपनी के साथी कर्मचारियों ने उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी।घटना की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया तथा पूरे गांव में भी मातम छा गया। परिजन उसका शव घर लाने के लिए परेशान हो गए।

मृतक के बड़े भाई बलराम यादव ने स्थानीय सांसद व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह से फोन पर बात कर पत्र घटना की जानकारी दी तथा भाई के शव को सउदी से घर लाए जाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि मंत्री ने मदद का आश्वासन दिया है।मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर था।दो बहनें हैं जिसमें एक की शादी हो गई है।मृतक की अभी शादी नहीं हुई है।पिता खेती किसानी कर परिवार चलाते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए मृतक 2019 में सउदी कमाने गया था।

2023 में वापस आने के बाद अगस्त 2024 में दोबारा फिर गया।बड़े भाई बलराम यादव ने बताया कि घटना शुक्रवार को भारतीय समय के अनुसार शाम पांच बजे की है।घटना के एक घंटा पहले बड़ी बहन से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने बताया कि शनिवार की रात्रि में जब उसका फ़ोन मिलाया तो उसके साथ काम करने वाले आजमगढ़ के मोहम्मद वासिफ आजमी ने फोन उठाया और घटना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि लोडर बुलडोजर के एसी में ब्लास्ट होने से वह भी घायल है और हास्पिटल में भर्ती है। ब्लास्ट में दो लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी। जिसमें राजेश कुमार के साथ यमन निवासी एक युवक की भी मौत हुई है।घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों ने मृतक के काम करने वाली कंपनी में बात कर शव को घर भेजने का अनुरोध किया है।

