मोहन लाल चौहान
तरबगंज,गोण्डा।महाशिवरात्रि के मौके पर गोंडा जिले सहित पूरे प्रदेश के शिव मंदिरों में भक्तों का तांता लगा हुआ है वहीं तरबगंज तहसील क्षेत्र अंतर्गत परास पट्टी मझवार स्थित पौराणिक स्थल महर्षि पराशर ऋषि के स्थान पर सुबह से ही शिव भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। महिलाएं बूढ़े बच्चे सहित तमाम शिवभक्त नव युवक शिव मंदिर में जलाभिषेक करते नजर आए। परास पट्टी मझवार में स्थित महर्षि पराशर ऋषि स्थल पर पार्थिव (मिट्टी)के शिवलिंग बनाकर भक्तों द्वारा रुद्राभिषेक किया गया।
आपको बताते चलें महाशिवरात्रि के शुभ अवसर पर प्रतिवर्ष परास पट्टी मझवार के ऋषि पराशर स्थल पर यज्ञ हवन का कार्यक्रम विधि विधान से पूरा कर भंडारे का भी आयोजन किया जाता है। जिसमें हजारों की संख्या में भक्तगण उपस्थित होकर प्रसाद ग्रहण करते हैं। विद्वान पंडितों द्वारा बताया जाता है कि महाशिवरात्रि के दिन भगवान भोलेनाथ को जल पंचामृत बिल्वपत्र, भांग, आकड़ा धतूरा शमीपत्र आदि चढ़ाना बेहद शुभ माना जाता है। वहीं गन्ने के रस से अभिषेक करने पर लक्ष्मी प्राप्ति, दूध से मनोकामनाएं पूर्ण, घी से आरोग्यता एवं वंश वृद्धि तथा इत्रयुक्त जल से अभिषेक करने पर बीमारियां नष्ट होती हैं वहीं सरसों के तेल से अभिषेक करने पर शत्रु नाश,दही से भवन और वाहन की प्राप्ति तथा शहद युक्त जल से अभिषेक करने पर समस्त पापों का नाश होता है।
परास पट्टी मझवार निवासी अध्यापक सुशील सिंह जी द्वारा बताया गया कि महाभारत के रचयिता महर्षि वेदव्यास जी ऋषि पाराशर के ही पुत्र हैं और पाराशर ऋषि के नाम पर ही हमारे गांव का नाम परास पड़ा है।वहीं श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो इसके लिए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के खास इंतजाम किए गए थे। महाशिवरात्रि के इस शुभ अवसर पर सुशील सिंह, चन्दन सिंह,गजेन्द्र सिंह,दीपू तिवारी,शनि सिंह,राज सिंह,सौरभ तिवारी सहित हजारों की संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।

