मारुफ हुसैन
लखनऊ।मंगलवार को बजट सत्र के पहले दिन ही समाजवादी पार्टी ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। सपा के विधायक अपने हाथ व पैरों में जंजीर जकड़कर आए और प्रदर्शन किया।समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान ने बजट सत्र में शामिल होने से पहले कहा, सरकार बताती है कि विश्व में लगातार देश का डंका बज रहा है। हमारे भारतीय लोग जिनको 40 घंटा जंजीरों में जकड़कर रखा गया। अमेरिका से उन्हें बेरहमी से डिपोर्ट किया गया है।
महामहिम के अभिभाषण का किया विरोध
समाजवादी पार्टी के नेता रविदास मेहरोत्रा ने कहा, कि हम लोग राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विरोध करेंगे। कारण वह सरकार की झूठी वाहवाही करेंगी, यह सरकार परीक्षा लीक कराती है। सपा नेता रविदास मेहरोत्रा ने आरोप लगाया कि ये सरकार सभी मोर्चों पर विफल है। सदन से लेकर सड़क तक विपक्ष प्रदर्शन करता रहेगा।
क्या कहा माता प्रसाद पांडेय
बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर विधानसभा में विपक्ष के नेता और सपा नेता माता प्रसाद पांडेय ने कहा, कि उनके (राज्यपाल) अभिभाषण में जो पढ़ा जा रहा था, उसका समाजवादी पार्टी ने विरोध किया। वजह उसमें गलत आंकड़े दिए गए हैं। मांग थी कि महाकुंभ में हुई भगदड़ से हुई मौतों का सही आंकड़ा दिया जाए। राज्यपाल ने अपना भाषण बीच में ही छोड़ दिया। हमें लगता है कि महाकुंभ में हुई घटनाओं से वह दुखी थीं, इसलिए उन्होंने पूरा भाषण नहीं पढ़ा।

