अयोध्या। मिल्कीपुर उपचुनाव में प्रचार अपनी चरम सीमा पर है। 30 जनवरी को सपा नेत्री सांसद डिंपल यादव के रोड शो के बाद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव मिल्कीपुर उपचुनाव में तीन फरवरी को जनसभा करेंगे। वहीं सूबे के मुखिया रविवार को भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए जनसभा करेंगे। वहीं तीन फरवरी को मुख्यमंत्री का रोड शो भी हो सकता है। इस बार मुख्यमंत्री के रोड शो पर सबसे ज्यादा निगाहें सपा पदाधिकारियों की होगी। क्योंकि सांसद डिम्पल के रोड शो में निर्धारित संख्या से अधिक वाहनों के चलते आचार संहिता के उल्लंघन का केस अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज हुआ है। तो मुख्यमंत्री के रोड शो को उसी नजर से सपाई देखेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की जनसभा के लिए पार्टी प्रत्याशी अजीत प्रसाद और जिले के पदाधिकारियों की कोशिश थी कि इनायतनगर के 05 नम्बर चौराहे के मैदान में कराई जाए लेकिन प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने से खीझ रहे हैं। अब उनकी जनसभा भिटारी कल्याणपुर में होगी। माना जा रहा कि रायबरेली हाईवे जाम को लेकर पांच नंबर चौराहा पर जनसभा की अनुमति प्रशासन ने नहीं दी है। इससे पूर्व सपा सांसद डिंपल यादव के रोड शो को लेकर रायबरेली हाईवे घन्टों जाम रहा। जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने बताया कि अनुमति न मिलने पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की जनसभा भिटारी-कल्याणपुर के किसान इंटर कालेज के मैदान में होगी।
राजनीतिक घमासान के बीच भाजपा एक बड़ा झटका सपा को देने जा रही है। दो फरवरी को मिल्कीपुर के सर्वोदय इंटर कालेज, रामगंज में भी मुख्यमंत्री की चुनावी जनसभा है। इसी जनसभा में कांग्रेस के नेता व पूर्व प्रमुख कमलासन पांडेय मुख्यमंत्री के समक्ष भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। इससे पहले कमलासन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार कर रहे थे। अब प्रचार में जाना बंद कर मुख्यमंत्री की दो फरवरी की जनसभा का इंतजार कर रहे हैं। मिल्कीपुर में विधानसभा चुनाव पांच जनवरी को है। मतदान आठ जनवरी को होगा। भाजपा में शामिल होने के बाद कमलासन पांडेय को मात्र 24 घंटे का मौका ही प्रचार के लिए मिलेगा। तीन फरवरी की सायं प्रचार बंद हो जाएगा। पूर्व ब्लाक प्रमुख कमलासन पांडेय के भजपाई बनने से ब्राह्मण वोटों को भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में ध्रुवीकरण हो सकता है। वहीं सपा पदाधिकारी भी भरपाई के लिए जातीय जनसंपर्क तेज कर दिए हैं। वोटरों के गोलबंदी में जुटे सपा कार्यकर्ताओं की कोशिश होगी कि ब्राह्मण मतों को ज्यादा से ज्यादा सहेजा जाए।
मुख्यमंत्री योगी की जनसभा के अगले दिन रोड शो को लेकर मिल्कीपुर के आमजन में चर्चाओं पर गौर करें तो सपा सांसद डिम्पल यादव के रोड शो से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर अभी इसकी पुष्टि नहीं है। सांसद डिपंल यादव के सफल रोड-शो के बाद से मुख्यमंत्री के रोड-शो की चर्चा तेज है। क्योंकि सांसद डिंपल यादव के सफल रोड शो के बाद इनायत नगर पुलिस की तरफ से मुकदमा दर्ज किया गया। यह एफआईआर इनायतनगर पुलिस की तरफ से दर्ज हुआ है जो समाजवादी पार्टी के अज्ञात कार्यकर्ताओं के विरुद्ध है। मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में अब यदि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन फरवरी को रोड शो करते हैं तो भीड़ ही मानक होगी जिस पर सपा की कोशिश बराबर प्रतिक्रिया की होगी। हालांकि अभी यह रोड-शो कहां से होगा, आधिकारिक रूप से इसके कार्यक्रम का इंतजार है। मुख्यमंत्री के रोड- शो में सत्तापक्ष भारतीय जनता पार्टी का स्वाभाविक प्रयास होगा उससे बड़ी भीड़ जुटाकर डिंपल यादव के रोड शो को चुनौती देने की। ऐसा हुआ तो इनायतनगर थाना ही नहीं जिस थाना क्षेत्र में यह होगा उसके सामने सत्तापक्ष के अज्ञात कार्यकर्ताओं के विरुद्ध चुनौती होगी मुकदमा दर्ज करने की। यह सही है कि समाजवादी पार्टी ने रोड शो की जो अनुमति ली होगी उससे ज्यादा वाहन रहे होंगे लेकिन यह क्या गारंटी होगी कि अगर मुख्यमंत्री का रोड शो हुआ तो उसमें अनुमति का उल्लंघन नहीं करेंगे भाजपा कार्यकर्ता। समाजवादी पार्टी पहले से ही खंडासा, कुमारगंज व इनायत नगर पुलिस पर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ता के विरुद्ध झूठे मुकदमे दर्ज करने की शिकायत जिला निर्वाचन अधिकारी व निर्वाचन आयोग से गुहार लगा चुकी है।

