अयोध्या।कुष्ठ रोगी भाई-बहनों को उनके निवास स्थान पर ही निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के अभियान के अंतर्गत आज समर्पण चल चिकित्साल्य सेवा दल ने अयोध्या पहुंचकर अभियान का चौथा निःशुल्क चिकित्सा शिविर यहां स्थित कुष्ठ रोगी सेवा समिति आश्रम रामनगर एवं पांचवां शिविर नयाघाट अयोध्या स्थित कुष्ठ आश्रम में आयोजित किया।
रामनगर स्थित आश्रम में शिविर का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग व्यवस्था प्रमुख केदारनाथ ने, व अयोध्या में बावन मंदिर के महंत वैदेही वल्लभ शरण ने किया। इस अवसर पर सेवा भारती के महामंत्री प्रेमचंद्र पांडेय, विभाग सेवा प्रमुख बालेन्दु, महानगर सेवा प्रमुख रंजीत सिंह,सहसेवा एवं स्वास्थ्य आयाम प्रमुख होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. उपेन्द्र मणि त्रिपाठी जी, सेवा भारती से डॉ सौरभ दीक्षित , डॉ आभा सिंह , विनोद, अनीता , रजनीश एवं धर्मेन्द्र उपस्थित रहे। शिविर में आवश्यक स्वास्थ्य जांच जैसे रक्तचाप, मधुमेह, आधुनिक तकनीक से विभिन्न प्रकार की खून की जाँच की गईं, एवं कुष्ठ रोगी भाई-बहनों के घावों की साफ-सफाई, मरहम-पट्टी के साथ -साथ अनुभवी चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परामर्श तथा आवश्यकतानुसार दवाएं-इंजेक्शन, महिलाओं को सैनेट्री एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी निःशुल्क वितरित किए गए। चिकित्सीय दल में प्रकल्प निदेशिका संतोष रानी के नेतृत्व में डॉ देव उत्कर्ष, संदीप कुमार, राखी कुमारी, लल्लन कुमार सम्मिलित रहे। स्वास्थ्य आयाम प्रमुख डॉ उपेन्द्र मणि त्रिपाठी ने बताया 11 दिवसीय यह सेवा अभियान 10 जनवरी को सीतापुर से प्रारंभ हुआ और 21 जनवरी को लखनऊ में पूर्ण होगा।

