गुलाम जीलानी बेग
बलरामपुर।पूर्व मंत्री व गैसड़ी विधायक समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य डाक्टर शिवप्रताप यादव का 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। शुक्रवार की सुबह बीमारी के चलते लगभग आठ बजे गुरुग्राम मेंदांता में आखिरी सांस ली। उनके निधन से देवीपाटन मंडल में शोक की लहर दौड़ गई है। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को उनके पैतृक गांव में होगा।
साधारण परिवार में जन्मे डाक्टर शिवप्रताप यादव ने गोरखपुर स्थित विश्वविद्यालय से स्नातक की तालीम हासिल की थी। वह बलरामपुर एमएलके कालेज में रसायन शास्त्र के एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर तैनात थे। इनका नाम सपा के संस्थापक सदस्यों में शामिल है। डा० एसपी यादव लोकदल व सपा से कई बार जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। वह 1993, 1997, 2012 व 2022 में बलरामपुर जिले से गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रहे। वह दो बार मंत्री भी बने। डा०एसपी यादव को मुलायम सिंह का बेहद करीबी माना जाता था। उनके निधन पर देवीपाटन मंडल के सभी राजनीतिक दलों के लोगों ने शोक प्रकट किया है।

