मिल्कीपुर,अयोध्या।आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में नववर्ष के अवसर पर मिलन समारोह का आयोजन किया गया।समारोह में कृषि,शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शिरकत कर वैज्ञानिकों, शिक्षकों, कर्मचारियों व छात्र-छात्राओं को नववर्ष की शुभकामनाएं दी।इस मौके पर कृषि मंत्री ने अतिथि गृह एवं स्टाफ क्लब के प्रथम तल को क्रियाशील कराया और दो मृतक आश्रितों को नियुक्ति पत्र भी दिया। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि यह कृषि विश्वविद्यालय अपने उद्देश्यों के अनुरूप कार्य कर रहा है। कृषि विवि में शिक्षकों की नियुक्तियां पहले की अपेक्षा दोगुनी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि विवि को ब्रीडिंग व जलवायु के अनुकूल प्रजातियों को विकसित करने पर जोर देना होगा जिससे कि किसानों तक उच्च गुणवत्ता के बीजों को पहुंचाया जा सके। मंत्री ने कहा की वर्तमान समय में फूलों की मांग बहुत अधिक हो गई है। फूलों की खेती के साथ मखाना और सिंघाड़ा की खेती पर भी विवि को कार्य करने की जरूरत है।
इस दौरान उन्होंने नैक में ए प्लस,प्लस की सफलता पर कुलपति के साथ-साथ पूरे विवि परिवार को बधाई दी।इस अवसर पर विश्व विद्यालय के कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह ने नववर्ष पर उज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी को बधाई दी।कुलपति ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों के साथ-साथ आगे के होने वाले विकास कार्यों के बारे में भी सभी को अवगत कराया। कुलपति ने कहा कि विश्व विद्यालय को एक बड़े ऑडिटोरियम की आवश्यकता है जिसका निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।नैक में उच्च ग्रेड हासिल करने के बाद विवि में श्रीलंका,जिम्बाब्वे,नेपाल,दक्षिण अफ्रीका,केन्या सहित लगभग एक दर्जन विदेशी छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया जो पूरे विवि परिवार के लिए गर्व की बात है। समारोह के मंच का संचालन कुलपति के सचिव डा. जसवंत सिंह ने किया। इस मौके पर राज्यमंत्री सतीश शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अयोध्या के.के सिंह, वित्त नियंत्रक नीरज श्रीवास्तव सहित विवि के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

