वज़ीरगंज,गोण्डा।शुक्रवार को बाल दिवस के उपलक्ष्य में माँ यशोदा पब्लिक स्कूल तुर्काडीहा में खेल-कूद प्रतियोगिता का आयोजन संपन्न हुआ।इस आयोजन में बच्चों ने विभिन्न खेलों में भाग लिया जिसमें कुर्सी दौड़,लंगड़ी दौड़,अंताक्षरी, और शारीरिक दक्षता वाले कई खेल शामिल थे। बच्चों ने बड़े ही जोश और उमंग के साथ अपनी-अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रधानाचार्य स्वतंत्र सिंह ने बताया प्रतियोगिताओं का उद्देश्य बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना है। और सभी बच्चों को आगे बढ़कर खेल में प्रतिभाग करना चाहिए जिससे अपने परिवार व क्षेत्र का नाम रोशन हो।

ग्रामीण क्षेत्र में स्टेडियम व खेल मैदानों की है आवश्यकता
विद्यालय के छात्र राज सिंह,दिलीप, विशाल व अन्य छात्रों ने कहा कि खेल गांव की पहचान है। खेल की शुरुआत ही गांव की मिट्टी से हुई है लेकिन आज उसकी पहचान शहरों से है। जिसका कारण ग्रामीण क्षेत्रों में संसाधन की कमी है। खेल से जुड़े युवाओं का भविष्य अधर में ही खत्म हो जाता है। सरकार व जनप्रतिनिधियों को इस ओर ध्यान देना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्टेडियम व खेल मैदानों की व्यवस्था होनी चाहिए।

विद्यालय के संरक्षक शत्रुघ्न सिंह ने कार्यक्रम का उद्घाटन कर, बच्चों का हौसला आफजाई किया। इस मौके पर आशीष सिंह ने बच्चों के संपूर्ण विकास में खेलों के महत्व पर जोर दिया। अंत में विजयी बच्चों को पुरस्कार वितरित कर सभी प्रतिभागियों की सराहना की। बाल दिवस का यह आयोजन बच्चों के लिए न केवल मनोरंजन का साधन बना, बल्कि उनके समग्र विकास में भी सहायक सिद्ध हुआ। जहाँ विद्यालय के अध्यापक सुनील सिंह, अमित शुक्ला, रमेश गुप्ता, पूजा मिश्रा, उमा मौर्या, आराधना, ललिता चौहान मौजूद रहीं।

