कर्नलगंज,गोंडा।स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गोंडा-लखनऊ हाईवे पर स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास एक डबल डेकर बस और ट्रक की भिड़ंत हो गई। बस में सवार सभी यात्री बाल-बाल बच गए और बस चालक को मामूली चोटें आई हैं। उसे प्राथमिक उपचार के लिए कर्नलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
मंगलवार को दिल्ली से गोंडा आ रही डबल डेकर बस कर्नलगंज गोंडा – लखनऊ हाईवे पर भारत पेट्रोल पंप के निकट एक ट्रक से टकरा गई और फिर डिवाइडर से जा टकराई। बताया जा रहा है कि बस पूरी तरह यात्रियों से भरी हुई थी और उसकी गति भी काफी तेज थी। बस ट्रक को दाईं ओर से ओवरटेक कर रही थी,तभी अचानक ट्रक दाईं ओर मुड़ गई।जिससे बस ट्रक और डिवाइडर के बीच में फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस में सवार सभी यात्री बाल-बाल बच गए। वहीं बस चालक को मामूली चोटें आई हैं। बस चालक को प्राथमिक उपचार के लिए कर्नलगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर डायल 112 और कर्नलगंज पुलिस पहुंची और यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया। अवैध तरीके से चल रहे डबल डेकर बसों और सड़कों पर बेतरतीब खड़े गिट्टी मौरंग लदे ट्रकों से आए दिन हादसे हो रहे हैं। जिसको लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पाठक ने बताया कि शीघ्र ही अभियान चलाकर अवैध डबल डेकर बसों एवं ट्रांसपोर्टरों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी।

