गोण्डा।जिले के धानेपुर थाना क्षेत्र के रेतवागाड़ा चिड़ियापुर चौराहे पर बुधवार को सवारी बैठाने को लेकर दो ई रिक्शा चालक आपस में भिड़ गये। दोनों के बीच कहासुनी के साथ मारपीट हो गई। दूसरे चालकों व राहगीरों ने किसी तरह दोनों को अलग कर बीच बचाव कराया। गाली गलौज और हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जो चर्चा का विषय बना है।
मिली जानकारी के मुताबिक धानेपुर थाना क्षेत्र के गोंडा-उतरौला मुख्य मार्ग पर स्थित कस्बा बाबागंज बाजार से रेतवागाड़ा चिड़ियापुर मोड़ पर प्रतिदिन वाहनों का जमावड़ा लगता है।यात्री यहां खड़े होकर वाहनों की प्रतीक्षा करते हैं और अपने सुविधानुसार वाहनों पर सवार होकर यात्रा करते हैं। बताया जाता है कि बुधवार को सवारी बैठाने को लेकर दो ई रिक्शा चालक आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच जमकर बहसबाजी हुई और एक दूसरे को देख लेने की धमकी दी गई। मामला बढ़ते बढ़ते मारपीट तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद अन्य चालकों व राहगीरों ने दोनों को अलग कर बीच बचाव कराया। इसी बीच किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस वायरल विडियो पर स्थानीय लोगों का कहना है कि यह एक दिन की बात नहीं है। यहां आये दिन झगड़ा फसाद होता रहता है। यहां पुलिस की पिकेट ड्यूटी भी लगती है लेकिन पुलिस के लोग इस सबसे अंजान बने रहते हैं। ऐसे में यह विवाद किसी दिन उग्र रूप ले सकता है।

