मोहम्मद उमर उर्फ समीर
बहराइच।घाघरा नदी से सटा मनगौढ़िया गांव में स्नान करते समय रविवार दोपहर में ममेरे भाई-बहन की डूबकर मौत हो गई। कुछ देर बाद पुलिस ने गोताखोरों को लगाकर शव नाले से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। दो मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मनगौढ़िया के मजरे मोतीपुरवा निवासी पिंटू के घर लखमीपुर खीरी जिले के प्रतापुर गांव निवासी धर्मेंद्र अपने ननिहाल आया था। रविवार दोपहर में रिंकी (10) पुत्री बदलू अपने ममेरे भाई धर्मेंद्र के साथ नाले में स्नान करने लगे। घाघरा नदी से लगे नाले में पानी भरा होने से स्नान करते समय दोनों की रविवार दोपहर में डूबकर मौत हो गई।
कुछ देर बाद दोनों के शव गांव के नाले में उतराते हुए लोगों ने देखा। शवों को बाहर निकाला गया तो हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना दी गई। जालिम नगर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी इंचार्ज दिनेश सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। तहसीलदार अंबिका चौधरी भी मौके पहुंच परिवार से वार्ता कर रहे हैं।

