गोंडा।जिले में अवैध रूप से संचालित निजी वाहनों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को रोडवेज क्षेत्र में सवारी भर रही एक बस (यूपी 45 टी 2139) को सीज किया है। बिना परमिट के संचालित बस संचालक पर 37,600 रुपये का जुर्माना भी लगाया है। शासन के निर्देश के अनुसार, रोडवेज बस स्टॉप परिसर से एक किलोमीटर की परिधि में किसी भी निजी वाहनों को सवारी भरने की अनुमति नहीं है। इस आदेश का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ पहले भी कई बार कार्रवाई की जा चुकी है। जिलाधिकारी नेहा शर्मा के निर्देश पर ऐसे वाहनों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जा रही है।
यात्री कर अधिकारी (परिवहन विभाग) शैलेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया कि शासन के निर्देशों का उद्देश्य रोडवेज परिसर के आसपास के क्षेत्र को अवैध वाहनों की गतिविधियों से मुक्त रखना है। जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और सरकारी परिवहन सेवा को बढ़ावा मिले। बावजूद इसके कुछ निजी वाहन चालक नियमों का उल्लंघन कर रोडवेज क्षेत्र में सवारी भरने का कार्य कर रहे थे। जिले में सोमवार को एक विशेष अभियान चलाया गया। जिसकी जद में उक्त बस आ गई।
इस अभियान के दौरान 6 ई-रिक्शा के खिलाफ भी सख्त कदम उठाया गया। यात्री कर अधिकारी (परिवहन विभाग) शैलेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया कि इनमें से कुछ ई-रिक्शा बिना टैक्स और फिटनेस प्रमाणपत्र के चल रहे थे। वहीं कुछ नाबालिगों द्वारा संचालित किया जा रहा था। इन सभी रिक्शों को बंद कर दिया गया है। इसके अलावा, निर्धारित रूट पर न चलने वाले रिक्शों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। उन्होंने यह भी बताया कि इस विशेष अभियान में 7 अन्य वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत चालान किया गया है।
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से निजी वाहन स्वामियों व चालकों में हड़कंप मचा है। परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की रियायत नहीं की जाएगी। और अभियान जारी रहेंगा। यदि कोई वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करता पाया गया,तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी।
गुरुनानक चौराहे पर अवैध टैक्सी स्टैंड पर भी कार्रवाई
यात्री कर अधिकारी शैलेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया कि गुरुनानक चौराहे पर अवैध टैक्सी स्टैंड के संचालन की सूचना भी मिली है। इसके खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रशासन को पत्र भेजकर स्थानीय चौकी के माध्यम से इन पर कार्रवाई की जा रही है।

